नि:शुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य व साफ-सफाई व्यवस्था के दिए निर्देश

झांसी, 26 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष कमलेश कच्छल ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैरकों में जाकर बंदियों की समस्याएं सुनीं और उनसे उनके मामलों की पैरवी से संबंधित जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाएगा। कई बंदियों ने जमानत, पेशी की तिथि व अधिवक्ता से संबंधित समस्याएं रखीं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
उन्होंने वरिष्ठ जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा गर्मी व वर्षा ऋतु को देखते हुए डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। मच्छरों से बचाव व स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जेल अस्पताल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भर्ती बंदियों से उनके उपचार व दवाओं की जानकारी ली और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमित परासर, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतीक त्रिपाठी, वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
