जींद, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव गुलकनी निवासी घोड़ा फार्म संचालक की हत्या करने के दो आरोपितों को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों की मृतक के बेटे के साथ रंजिश थी लेकिन आरोपितों ने हत्या पिता की कर दी। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बुधवार को बताया कि गांव गुलकनी निवासी सुरेंद्र मिर्चपुर वाले रास्ते पर अपने खेत में घोड़ा फार्म चलाता था। गत 12 फरवरी को रात को सुरेंद्र की उसके कमरे में हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 13 फरवरी को मृतक के भाई सुरेश की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो सामने आया कि मृतक के बेटे की रंजिश गांव मिर्चपुर निवासी आशीष व उसके साथियों से चल रही थी। घटना वाली रात आशीष अपने तीन अन्य साथियों के साथ घोड़ा फार्म पर पहुंचे और सुरेंद्र से कहासुनी होने के बाद उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आशीष को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया तो गांव मिर्चपुर निवासी सोमबीर, अंकुश तथा एक अन्य का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमबीर तथा अंकुश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दोनों आरोपितों को एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
