जींद, 06 मार्च (हि.स.)। विश्व महिला दिवस के उपलक्ष में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से पेयजल संरक्षण सहित जल जीवन मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली 35 महिलाओं को खंड विकास एवं पंचायत विभाग के बैठक हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रशंसा पत्र व समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता विक्रम सिंह मोर मुख्य अतिथि रहे। कार्यकारी अभियंता भानू प्रकाश शर्मा अति विशिष्ठ अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उपमंडल अभियंता रणवीर सिंह व उपमंडल अभियंता राकेश शर्मा वशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सलाहकार रणधीर मताना ने की।

अधीक्षक अभियंता विक्रम सिंह मोर ने शुक्रवार को कहा कि महिलाओं का समाज में अहम योगदान है। महिलाओं के समाज में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान, उनके संघर्ष व उनके सामने आने वाली चुनौतियो को याद दिलाने के लिए आठ मार्च का दिन विश्व महिला दिवस के उपलक्ष में मनाया जाता है। विश्व महिला दिवस की शुरूआत उत्तरी अमेरिका व युरोप में महिला श्रमिक के आंदोलनों से हुई थी। पहला महिला दिवस 1911 में मनाया गया था जबकि 1917 में रूस की महिलाओं ने आठ मार्च से अपने अधिकारों के लिए हड़ताल शुरू की थी जिसमें उन्हें वोट का अधिकार मिल गया था।
कार्यकारी अभियंता भानू प्रकाश शर्मा ने कहा की जल जीवन मिशन में महिलाओं की भूमिका अहम रही है। महिलाओं ने पेयजल आपूर्ति सहित सभी कार्यो में बढ चढ कर भाग लिया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में पेयजल जांच में महत्वपूर्ण कार्य किया है। जिला सलाहकार ने कहा कि सभी गांव की ग्राम जल एवं सीवरेज समिति में वयं सहायता समूह की महिलाओं को शामिल किया जा रहा है। ये महिलाएं ग्राम पंचायत व कमेटी के साथ मिल कर पेयजल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण कार्य करेगी। जल महोत्सव में उनकी भागीदारी अहम है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
