बांदा, 05 मार्च (हि.स.)। ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी बांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जीआरपी थाना बांदा पुलिस ने एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है।

थानाध्यक्ष शिवबाबू के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मुनेश बाबू, कांस्टेबल प्रारूप कुमार, रोहित यादव, धर्मपाल, प्रवेंद्र कुमार तथा आरपीएफ पोस्ट बांदा के उपनिरीक्षक अतुल कुमार व कांस्टेबल तेज सिंह की संयुक्त टीम द्वारा मालगोदाम के अतर्रा एंड की ओर रेलवे स्टेशन बांदा क्षेत्र में कार्रवाई की गई।

पुलिस ने अभियुक्त नितिन सोनी पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सोनी, निवासी स्थायी पता राजेंद्र नगर उरई, जिला जालौन एवं वर्तमान पता अंबेडकर नगर की मूर्ति के पास खाड़ेपुर, नौबस्ता, जिला कानपुर नगर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन बैग बरामद हुए, जिनमें कुल 10 पैकेट गांजा रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, ट्रॉली बैग से 5 पैकेट (कुल वजन 5 किलोग्राम), दूसरे बैग से 3 पैकेट (कुल वजन 2.800 किलोग्राम) तथा तीसरे पिट्ठू बैग से 2 पैकेट (कुल वजन 2 किलोग्राम) गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।
अभियुक्त के विरुद्ध थाना जीआरपी बांदा में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी गई है।
थाना अध्यक्ष जीआरपी शिव बाबू ने बताया कि अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। जीआरपी द्वारा ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
