मीरजापुर, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जीडी बिनानी पीजी कालेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रथम और द्वितीय इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से छात्रों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।

रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर चयनित गांवों और विभिन्न मार्गों से होते हुए गुजरी। इस दौरान स्वयंसेवकों ने आधी रोटी खाएंगे, वोट देने जाएंगे और चाचा-चाची मत घबराना, वोट देने जरूर जाना जैसे नारों के साथ ग्रामीणों को मतदान के महत्व के बारे में बताया। रैली गांवों का भ्रमण करते हुए पुनः शिविर स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
शिविर के दूसरे सत्र में मतदाता जागरूकता विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. वसीम अकरम अंसारी रहे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। एक मजबूत और अच्छी सरकार के गठन में प्रत्येक मतदाता का वोट निर्णायक साबित हो सकता है। उन्होंने छात्रों और ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और जाति-धर्म या किसी लालच से ऊपर उठकर मतदान करें।
कार्यक्रम में डॉ. आशुतोष कुमार तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम मोहन थाना ने आए हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष सहित महाविद्यालय के शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
