कठुआ, 06 फरवरी (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ एवं आबकारी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जूनियर क्रिकेट चैंपियनशिप के तीसरे दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। कठुआ स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

पहले सेमीफाइनल में मढ़हीन और चडवाल के बीच कांटे की टक्कर हुई। चडवाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144 रन बनाए। जवाब में मढ़हीन की टीम 143 रन ही बना सकी और मुकाबला मात्र एक रन से हार गई। मढ़हीन के सैरत ने 63 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरे सेमीफाइनल में बिलावर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बिलावर के सुरजल ने 71 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि लखनपुर के बंटी ने चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनपुर की टीम 115 रन ही बना सकी और बिलावर ने मुकाबला अपने नाम किया। इन परिणामों के साथ चडवाल और बिलावर की टीमें फाइनल में पहुँच गई हैं। फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा। प्रतियोगिता युवाओं में खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली और नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश को मजबूत कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
