रांची, 21 अप्रैल (हि.स.)। जेपीएससी की ओर से 14 वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा के बाद आयोग के वेबसाइट पर 20 अप्रैल को आंसर की अपलोड किया गया। आयोग की ओर से अपलोड किया गया अधिकांश उत्तर कुंजी गलत था। इसका विरोध आजसू ने आयोग के सचिव को पत्र लिखकर दर्ज कराया।

पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने आयोग के सचिव को पत्र लिखकर आयोग के इस गैर जिम्मेदाराना कार्य पर विरोध जताते हुए सुधार का आग्रह किया। जिसे 21 अप्रैल को आयोग ने वेबसाइट से हटा लिया। हालांकि आजसू का कहना है कि यह कृत्य आयोग के गैर जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाता है।
संजय मेहता ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इतनी गंभीर परीक्षा में आयोग की ओर से इस तरह की लापरवाही यह दर्शाता है कि आयोग में गंभीरता का आभाव है।
उन्होंने कहा कि जिस परीक्षा की प्रक्रिया से प्रशासनिक पदाधिकारी निकलेंगे उस परीक्षा का गलत उत्तर कुंजी अपलोड करना सरासर बड़ी लापरवाही की तरफ़ इंगित करता है। यह स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि आयोग इसकी आंतरिक जांच कर उत्तरदायित्व तय करे।
आयोग ने परीक्षा आयोजन के दिन भी अटेंडेंस शीट में प्रश्न पत्र बुकलेट नंबर और ओएमआर नंबर लिखने के लिए एक बॉक्स और स्थान कम दिया। सात अंक के बॉक्स के स्थान पर सिर्फ छः बॉक्स दिया गया जिससे आयोग की लापरवाही परिलक्षित होती है। इससे अभ्यर्थियों को बहुत परेशानी हुई। इतनी बड़ी परीक्षा में आयोग बुनियादी बातों का ध्यान रखने में बार – बार विफल हो रहा है।
आजसू ने कहा है की आयोग छात्रों के भविष्य के साथ न खिलवाड़ करे। गंभीरता के साथ पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीका से पूरा करे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
