

विराट कुश्ती दंगल का आयोजन, मंत्री गिरीश यादव ने किया शुभारंभ

जौनपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत तहसील के नई बाजार स्थित अखाड़े पर आयोजित विराट कुश्ती दंगल का शुभारंभ प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने पहलवानों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि नई खेल नीति के तहत कोचिंग सेंटर और जौनपुर सहित सभी मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उनका भविष्य मजबूत हो।
जिलाधिकारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कुश्ती स्वस्थ जीवन के लिए एक उत्कृष्ट खेल है, जिससे शरीर और मन दोनों सशक्त होते हैं। उन्होंने सभी पहलवानों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दंगल के मुकाबलों में रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। नरायनपुर के सुनील यादव ने कानपुर के रवि पहलवान को चौथे मिनट में चित कर जीत दर्ज की। वहीं राम आशीष और रामजनम (वाराणसी) ने अपने-अपने मुकाबले जीते। आलोक, शिवम, मैत्री और अमन ने भी कड़े मुकाबलों में जीत हासिल की। कई मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए, जिससे दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, जेएमएस ग्रुप के चेयरमैन जितेंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन का संचालन महेंद्र सिंह पहलवान ने किया, जबकि लक्ष्मण पहलवान रेफरी रहे।———
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
