बक्सर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। धनसोई बाजार में रविवार देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बिहार ग्रामीण बैंक के पास स्थित मां मुंडेश्वरी ज्वेलर्स को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान के पीछे की दीवार के सहारे कटरे में घुसे और शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमीरा के ताले को धारदार हथियार से काटकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चुरा लिए। चोरी गए सामान में लगभग चार किलो चांदी और करीब 100 ग्राम सोने के जेवरात शामिल बताए जा रहे हैं।

दुकान मालिक सुनील सेठ के पुत्र बिट्टू वर्मा रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। चोरों ने वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क, मदरबोर्ड सहित डीवीआर के अन्य उपकरण भी अपने साथ ले गए।

सोमवार सुबह जब दुकान खोली गई तो टूटा शटर और खाली अलमीरा देखकर व्यवसायी के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत धनसोई थाने को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष विकास कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया है।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना को धनसोई बाजार की अब तक की सबसे बड़ी चोरी माना जा रहा है। वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
