घाट निर्माण, लाइटिंग, शेड, पेयजल और अन्य सुविधाओं की हो रही व्यवस्था,जल्द होगा कार्य पूर्ण

झांसी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। योगी सरकार ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के एरच में बेतवा नदी के किनारे स्थित मढिया घाट का सुंदरीकरण का कार्य करा रही है। इस स्थान पर पर्यटन सुविधाओं का विकास कर इसे भव्य रूप दिया जा रहा है। यहां मढिया मंदिर भी स्थित है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। मढिया घाट पर पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए 4.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

मढिया घाट पर लगभग 62 मीटर लंबा भव्य और सुंदर पक्का घाट तैयार किया गया है। यहां गजेवो, स्टोन सीटिंग बेंच, एलईडी लाइट, बागवानी समेत अन्य सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक घाट पर बैठकर बेतवा नदी की भव्यता और सौंदर्य का नजारा देख सकेंगे। स्थान के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां विकास कार्यों को पूरा किया जा रहा है। पर्यटन विभाग की कवायद है कि इस स्थान के महत्व से लोगों को परिचित कराने के साथ ही इस स्थान को संरक्षित भी किया जा सके।
झांसी के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी.के. शर्मा ने बुधवार को बताया कि एरच में बेतवा नदी के तट पर स्थित मढिया घाट का सुंदरीकरण कार्य कराया जा रहा है। यहां घाट निर्माण के साथ ही आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। विकास कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
