रांची, 14 मार्च (हि.स.)। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची की ओर से आयोजित कम्प्यूटर आधारित झारखंड एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का आयोजन 18 और 19 मार्च को आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा रांची जिला के विभिन्न 12 केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा तीन पालियों में निर्धारित है। परीक्षा के कदाचारमुक्त संचालन और विधि-व्यवस्था को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री, रांची और एसएसपी राकेश रंजन के आदेश पर पुलिस बल तथा पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

प्रशासन की ओर से शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि परीक्षा में शामिल छात्र और अभिभावक परीक्षा केंद्रों में भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने की चेष्टा कर सकते हैं। इसे देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर ने इन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी कर दी है। निषेधाज्ञा के दौरान पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों और सरकारी कार्यक्रम एवं शवयात्रा को छोड़कर), किसी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार करने, किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र बंदूक, राईफल, रिवाल्वर लेकर चलने (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोड़कर) पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा किसी प्रकार का हरवे हथियार लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा भाला लेकर चलने (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोडकर) और किसी प्रकार की बैठक या आमसभा के आयोजन करने पर रोक रहेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
