रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में अप्रैल माह में जनवरी जैसा मौसम देखने को मिल रहा है। बुधवार को रांची सहित आसपास के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर की गति से तेज हवा के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में ०5 से ०6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और वातावरण काफी ठंडा हो गया।

मौसम विभाग ने ०9 अप्रैल को राज्य के 14 जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना जताई है। विभाग की ओर से इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान गोंडा में 37.2 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 13.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
राज्य के जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, देवघर और दुमका शामिल है।
उल्लेखनीय है कि राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 15 दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। इससे कभी बारिश तो कभी धूप की स्थिति बन रही है। मौसम में बदलाव से राज्य में अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन से पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
वहीं, बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34.8 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 36.8 और न्यूनतम 20.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.5 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री, चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस एवं खूंटी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 17.9 रिकार्ड किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
