रांची, 06 फरवरी (हि. स.)। प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। शाम के बाद और अहले सुबह ठंडी हवाओं के चलने से ठंड का दौर बरकरार है, हालांकि दिन में धूप निकलने से गर्माहट बढ़ रही है। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड हो रहा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सर्दी पूरी तरह खत्म हो गई है।

मौसम केंद्र, रांची की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार से मौसम के करवट लेने के आसार हैं। इस पूरे सप्ताह छह फरवरी से 12 फरवरी तक न्यूनतम पारा के सामान्य से नीचे जाने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान एक बार फिर छह डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि कुछ जिलों में यह 14 डिग्री तक रह सकता है। इसी तरह इसके बाद वाले सप्ताह में न्यूनतम पारा सामान्य से कम रह सकता है। हालांकि तब पारा आठ डिग्री से 16 डिग्री तक जा सकता है। इससे साफ है कि 19 फरवरी तक न्यूनतम पारा के कम होने की वजह से सर्दी का सितम जारी रहेगा।

राहत की बात है कि छह फरवरी से 12 फरवरी और 13 फरवरी से 19 फरवरी के बीच अधिकतम पारा सामान्य से ऊपर या ज्यादा ऊपर रह सकता है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 24 से 31 डिग्री तो अगले सप्ताह 26 से 33 डिग्री तक जा सकता है। लिहाजा, दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी। हालांकि, ओवर ऑल मौसम सुहावना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी जिलों (पलामू, कोडरमा, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा) में न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
वहीं रांची, हजारीबाग और रामगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इन जिलों में ज्यादा कनकनी महसूस की जा सकती है। मौसम विभाग ने बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव की सलाह दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
