धर्मशाला, 07 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में चल रही 10वीं और जमा दो की बोर्ड परीक्षाओं के बीच उपायुक्त, चंबा की संस्तुति के आधार पर टाइनी टॉट्स प्लेवे स्कूल, मोहल्ला सुरारा, चंबा को बनाए गए परीक्षा केंद्र का दर्जा आगामी आदेशों तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उक्त विद्यालय में परीक्षा दे रहे सभी विद्यार्थियों को शेष बोर्ड परीक्षाओं के संचालन हेतु राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बॉयज), चंबा में स्थानांतरित किया जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हो सके।

बोर्ड अध्यक्ष ने जिला प्रबंधक, चंबा तथा जेओए (आईटी) को निर्देशित किया है कि वे 9 मार्च 2026 से पूर्व संबंधित विद्यालय के विद्यार्थियों तथा परीक्षा से संबंधित सभी अभिलेख एवं सामग्री को नए परीक्षा केंद्र में स्थानांतरित करने की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा इस संबंध में अनुपालन रिपोर्ट तत्काल परीक्षा संचालन-2 शाखा को प्रेषित करें।
इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बॉयज), चंबा के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उक्त विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि शेष परीक्षाएं सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
