पूर्वी सिंहभूम, 25 जनवरी (हि.स.)।

कोचिंग ट्रेनों के संचालन में बदलाव के कारण टाटानगर रेल मंडल से होकर चलने वाली कई पैसेंजर, मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनें फरवरी की शुरुआत में रद्द रहेंगी या आंशिक रूप से संचालित होंगी।
इसका सीधा असर टाटानगर, राउरकेला, चक्रधरपुर और आसपास के रेलखंडों पर पड़ने वाला है। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
रेल प्रशासन की ओर से रविवार को दी गई जानकारी के अनुसार 3 और 4 फरवरी को टाटानगर–राउरकेला–टाटानगर मेमू, बड़ामपहाड़–बांसपानी–बड़ामपहाड़ पैसेंजर, हटिया–झारसुगुड़ा–हटिया मेमू एक्सप्रेस, टाटानगर–राउरकेला–टाटानगर मेमू, हटिया–राउरकेला पैसेंजर और राउरकेला–हटिया पैसेंजर जैसी कई ट्रेंनें रद्द रहेंगी।
इसके अलावा पहले से प्रभावित कुछ ट्रेनों का संचालन भी यथावत रद्द रहेगा। आद्रा–मिदनापुर–आद्रा मेमू, जमशेदपुर मार्ग से जुड़ी जमालपुर–धनबाद एक्सप्रेस और आसनसोल–आद्रा मेमू पैसेंजर निर्धारित तिथियों पर नहीं चलेंगी। कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करते हुए उनके प्रारंभ और समाप्ति स्टेशन बदले गए हैं। इससे टाटानगर से हटिया, धनबाद और आसनसोल की सीधी रेल सेवाएं कुछ दिनों के लिए बाधित रहेंगी।
टाटानगर से हटिया जाने वाली एक प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेन को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन चांडिल से पुरुलिया मार्ग के बजाय चांडिल–गोविंदपुर रोड–मुरी के रास्ते संचालित होगी, जिससे यात्रा समय में बदलाव संभव है।
वहीं बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस को कुछ तिथियों पर 60 मिनट विलंब से रवाना किया जाएगा। इससे टाटानगर पहुंचने वाले यात्रियों को अतिरिक्त प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टाटानगर स्टेशन से यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
