कोलकाता, 09 फरवरी (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पुरुष टी-20 विश्व कप में इटली को अपने पहले ही मुकाबले में बड़ा झटका लगा, जब कप्तान वेन मैडसन स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हो गए बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। इटली की टीम यह मैच 73 रनों से हार गई।

ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मैच में फील्डिंग के दौरान मैडसन का बायां कंधा खिसक गया, जिसके चलते वह आगे खेल नहीं सके। यह घटना टूर्नामेंट के सातवें मुकाबले में स्कॉटलैंड की पारी के दौरान घटी। मिडविकेट पर फील्डिंग करते हुए मैडसन ने जॉर्ज मंसी के जोरदार पुल शॉट को रोकने के लिए बाईं ओर डाइव लगाई, लेकिन गलत तरीके से गिरने के कारण उन्हें तुरंत दर्द महसूस हुआ। मैडसन ने तुरंत मेडिकल सहायता का इशारा किया और उन्हें तौलिये से बने अस्थायी स्लिंग में बायां हाथ सहारा देकर मैदान से बाहर ले जाया गया।

मैडसन के मैदान से बाहर जाने के बाद हैरी मानेन्टी ने स्कॉटलैंड की पारी के बाकी हिस्से में कप्तानी संभाली। इस दौरान रिची बेरिंगटन की अगुआई वाली स्कॉटलैंड टीम ने इतिहास रचते हुए टी-20 विश्व कप में 200 से अधिक रन बनाने वाली पहली एसोसिएट टीम बनने का गौरव हासिल किया। स्कॉटलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 207/4 रन बनाए। जवाब में इटली की टीम 16.4 ओवर में 134 पर सिमट गई।
कमेंट्री के दौरान पुष्टि की गई कि वेन मैडसन इस मैच में आगे हिस्सा नहीं लेंगे और उनकी कन्कशन और संभावित गर्दन की चोट की भी जांच की जाएगी, जिससे उनकी स्थिति को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
बाद में इटली क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर बयान जारी कर कहा, “कप्तान वेन मैडसन के बाएं कंधे में डिसलोकेशन हो गया है और वह आज के मैच में आगे हिस्सा नहीं लेंगे। इटली के अभियान की यह बेहद निराशाजनक शुरुआत है। हमें उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।”
42 वर्षीय मैडसन इटली के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं और यह उनका पहला टी-20 विश्व कप था, जिससे यह झटका टीम के लिए और भी बड़ा हो गया है। उन्हें तुरंत एक्स-रे के लिए भेजा गया। आमतौर पर कंधे के डिसलोकेशन में 1 से 3 हफ्तों का समय लग सकता है, हालांकि गंभीर स्थिति में खिलाड़ी को 3 से 4 महीने तक मैदान से दूर रहना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि जो बर्न्स को टीम से बाहर किए जाने के बाद मैडसन को 2026 टी-20 विश्व कप के लिए इटली का कप्तान नियुक्त किया गया था। यह उनका अलग-अलग खेलों में दूसरा विश्व कप है, इससे पहले वह 2006 पुरुष हॉकी विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
