अहमदाबाद, 10 मार्च (हि.स.)। भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए मुकाबले के दौरान की घटना को लेकर की गई है।

आईसीसी के अनुसार अर्शदीप ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन किया, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद या अन्य उपकरण फेंकने से संबंधित है।
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई, जब अर्शदीप ने अपनी गेंदबाजी के फॉलो-थ्रू के दौरान गेंद को तेजी से फेंका, जो बल्लेबाज डेरिल मिशेल के पैड से जा टकराई। इसे अनुचित आचरण मानते हुए अंपायरों ने मामला दर्ज किया।
इस उल्लंघन के चलते अर्शदीप के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है। अर्शदीप ने आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाईक्राफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया, जिसके कारण औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
मैदान पर मौजूद अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ के साथ तीसरे अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर और चौथे अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने यह आरोप लगाया था।
आईसीसी नियमों के अनुसार लेवल-1 के उल्लंघन पर आधिकारिक चेतावनी से लेकर मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं।
———————-
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
