उत्तरकाशी, 03 मार्च (हि.स.)। नगरपालिका बाराहाट उत्तरकाशी के तांबाखानी सुरंग के पास कूड़ा निस्तारण और ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ सिंह रावत के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 75 वें दिन भी जारी रहा।

उनका आरोप है कि ढाई महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण पूरा हो पाया है और न ही कूड़े के ढेर हटाए जा सके हैं, जिससे जनता में भारी आक्रोश है। आरोप है कि जब तक कूड़ा प्रोसेसिंग (मैन्युफैक्चरिंग) ग्राउंड का निर्माण नहीं होगा, तब तक समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कार्य में देरी और अनियमितताओं से भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ती जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ सिंह रावत ने कहा कि कूड़ा प्रबंधन के नाम पर बजट खर्च दिखाया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कूड़ा प्रबंधन में संभावित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गंदगी के कारण स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो रहा है और प्रशासन की निर्षक्रयता जनता के साथ अन्याय है।
इस दौरान दिनेश सेमवाल, प्रताप सिंह रमोला, संतोष सेमवाल, जितेंद्र, संदीप रावत, हरीश डंगवाल, अजय बडोला, राजेश सेमवाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल
