शिमला, 10 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग थाना क्षेत्र में ट्रक ऑपरेटर यूनियन से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर पुलिस ने पूर्व में पदाधिकारी रहे पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार यूनियन के वर्तमान पदाधिकारी की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस में दी गई शिकायत में सैंज बलसन ट्रक ऑपरेटर यूनियन, लेलूपुल के सचिव प्रकाश चंदेल ने आरोप लगाया कि यूनियन के कुछ पूर्व पदाधिकारियों ने मिलकर यूनियन के धन का कथित रूप से दुरुपयोग किया और कई वित्तीय देनदारियों का भुगतान नहीं किया। शिकायत में कहा गया है कि यूनियन से जुड़े ट्रकों के भाड़े और कार्यालय किराए का भुगतान भी नहीं किया गया। इससे सदस्यों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

शिकायत के अनुसार संबंधित लोगों ने यूनियन के आधिकारिक दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया और दस्तावेज खोने के संबंध में झूठी डीडीआर भी दर्ज करवाई। आरोप यह भी लगाया गया है कि यूनियन के कुछ सदस्यों को धमकाया गया और लोडिंग गतिविधियों में बाधा डालने की कोशिश की गई। इससे यूनियन के कामकाज पर असर पड़ा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यह सब यूनियन सदस्यों की बकाया राशि हड़पने की साजिश के तहत किया गया।
शिकायतकर्ता ने दिलीप शर्मा, ओम प्रकाश, सोहन लाल, दिनेश वर्मा और महेंद्र सिंह पर यूनियन फंड में कथित गड़बड़ी, दस्तावेजों के दुरुपयोग और सदस्यों को धमकाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) और 316(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित रिकॉर्ड तथा वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
