धुबड़ी (असम), 10 फरवरी (हि.स.)। धुबड़ी जिले के हलाकुरा मार्केट में आज एक ट्रक और कार में आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा आज सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-17 पर हलाकुरा मार्केट जामा मस्जिद के सामने हुआ, जब कार सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर ज़ोरदार थी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग फंस गए।

स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को मलबे से निकालने में मदद की। वहीं, ट्रक का ड्राइवर हादसे के तुरंत बाद गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया।
पुलिस ने मृतक की पहचान धुबड़ी शहर की रहने वाली 24 साल की लिज़ा तियार के रूप में की। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें धुबड़ी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया। उनकी पहचान कार के ड्राइवर शुभाजीत साहा और मृतका के पति, दिलीप बिन और अंजोली माझी के तौर पर हुई है।
घटना के तुरंत बाद गोलकगंज पुलिस स्टेशन के तहत हलाकुरा पुलिस कमांड पोस्ट के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है और दोनों गाड़ियों को ज़ब्त कर लिया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक ड्राइवर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
