बांदा, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत महोखर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्पर्श विद्यालय के पास गिट्टी से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल से घर लौट रहे दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र मामूली रूप से घायल हो गया।

मृतक छात्र की पहचान हिमांशु (16) पुत्र अवधेश के रूप में हुई है, जो कक्षा 8 का छात्र था। वह अपने भाई पुष्पेंद्र के साथ सरस्वती प्रकाश मंदिर से परीक्षा देकर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान बांदा से महोखर की ओर जा रहे गिट्टी से लदे ओवरलोड ट्रक ने पीछे से उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हिमांशु ट्रक के नीचे फंसकर करीब 30 फीट तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्र स्कूल से परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे महोखर अंध विद्यालय के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई पुष्पेंद्र बाल-बाल बच गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और गिट्टी लदे ट्रक पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
हंगामे की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री मेविस टॉक ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
