वॉशिंगटन, 12 मार्च (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कहा कि ईरान की पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम 2026 फीफा विश्व कप में “स्वागत योग्य” है, लेकिन उन्होंने इसके उचित होने और खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम विश्व कप में स्वागत योग्य है, लेकिन मैं वास्तव में नहीं मानता कि उनके लिए वहाँ होना उचित है, उनकी अपनी जान और सुरक्षा के लिहाज से।”
इससे पहले फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा था कि ट्रम्प ने उन्हें आश्वासन दिया है कि ईरान की टीम प्रतियोगिता में भाग ले सकती है। हालांकि, ईरान के खेल मंत्री अहमद डोन्यामाली ने सरकारी मीडिया के माध्यम से स्पष्ट किया कि देश की टीम किसी भी हाल में भाग नहीं लेगी। उन्होंने इसके पीछे ईरान के नेता की हत्या और अमेरिका के सैन्य कार्रवाई को कारण बताया।
2026 का विश्व कप संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में 11 जून से 19 जुलाई तक आयोजित होगा। ईरान की टीम को लॉस एंजेलेस और सिएटल में मैच खेलने थे।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
