झांसी, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बड़ागांव थाना क्षेत्र में बीते दिनों ट्रांसपोर्टर के यहां हुई चोरी की घटना का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। घटना में पुलिस ने दो आरोपित नौकरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के एक लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की कर ली गई है। जबकि मास्टरमाइंड अभी फरार है।

बडागांव थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिवाजी नगर निवासी विनय नरवारी ने एक फरवरी को थाने में अपने ट्रांसपोर्ट से नकदी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी के निर्देशन में घटना की जांच में जुटी पुलिस टीम ने मंगलवार की देर रात तार पाठा निवासी सोनू कुशवाह उर्फ चिंकारा तथा महाराजपुरा निवासी अरविंद कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी के एक लाख तीन सौ रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपित ट्रांसपोर्टर के यहां काम करते थे। दोनों को जेल भेज दिया गया है। जबकि घटना का मास्टरमाइंड बिट्टू पुलिस गिरफ्त से दूर है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
