मीरजापुर, 03 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में नरायनपुर बाजार रेलवे स्टेशन के पश्चिम कोलउन्द गांव के सामने मंगलवार को डाउन रेलवे लाइन पर एक अज्ञात अधेड़ का शव मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

नरायनपुर चौकी प्रभारी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके शरीर पर काले-सफेद चेक की शर्ट, नीली जींस तथा जूता-मोजा पहना हुआ था। प्रथम दृष्टया आशंका है कि देर रात करीब दो बजे किसी ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है। शव की तलाशी में कोई पहचान संबंधी दस्तावेज न मिलने से मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अज्ञात शव को पोस्टमार्टम के लिए मीरजापुर स्थित मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
