मीरजापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा रेलवे ट्रैक पर सोमवार देर रात चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की।

मृतक के पास मिले क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन से पुलिस ने उसके परिजनों का संपर्क नंबर निकाला। बात करने पर युवक की पहचान रामचंद्र मेहता (36) निवासी अररिया, बिहार के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन मंगलवार को मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक के चलती ट्रेन से गिरने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
थानाध्यक्ष पड़री प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
