– ग्रामीणों ने रोड पर ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर लगाया जाम

मीरजापुर, 12 मार्च (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी शक्ति नगर रोड पर स्थित घाटमपुर त्रिमुहानी के पास गुरुवार शाम को लगभग पांच बजे बाइक से अपने पति और पुत्र के साथ दवा लेकर आ रही महिला को पीछे से आ रही बंद बाडी ट्रेलर ट्रक ने कुचल दिया जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति और पुत्र बाल बाल बच गए।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रोड पर गति अवरोधक बनवाने की मांग को लेकर रोड जाम कर दिया।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जाम हटवाने का प्रयास कर रही है वहीं ग्रामीण उपजिलाधिकारी को बुलवाने की मांग कर रहे हैं।
चंदौली जनपद के चकिया थाना क्षेत्र के शिकारगंज मुंडहुआ निवासी सर्वेश यादव अपनी पत्नी सीमा यादव (35) और पुत्र अंकित यादव (12) के साथ दवा लेने के लिए बाइक से वाराणसी गए हुए थे और दवा लेकर शाम को वापस लौट रहें थे कि वाराणसी शक्ति नगर रोड पर घाटमपुर त्रिमुहानी के पास पीछे से राखड़ की आ रही बंद बाडी ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दिया और महिला रोड पर गिर गई वहीं पिता पुत्र दूर गिर पड़े और ट्रेलर ने सीमा को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण उपजिलाधिकारी को बुलाने और ब्रेकर बनवाने की मांग पर डटे हुए हैं।
ग्राम प्रधान घाटमपुर डीके बिंद, पूर्व ग्राम प्रधान बीरबल बिंद, गुंजन पांडेय, बुद्धू यादव का कहना था कि आए दिन यहां दुर्घटना होती हैं लेकिन बार-बार मांग किए जाने के बाद भी ब्रेकर नहीं बन रहा है।
वहीं चौकी प्रभारी अहरौरा नगर आशीष कुमार सिंह ने बताया की ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
