नोएडा, 08 फ़रवरी (हि.स.)। थाना दनकौर क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक मोटरसाइकिल सवार को बीती रात टक्कर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने रविवार को सड़क पर शव को रखकर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करवाया।

थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को देवेंद्र पुत्र मानसिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मोहल्ला पीरवाला कस्बा दनकौर में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार उनका भाई बबलू बाइक पर सवार होकर शनिवार की शाम को जा रहा था, तभी एक ट्रैक्टर चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
