सिलीगुड़ी, 06 मार्च (हि.स.)। खोरीबाड़ी ब्लॉक के माधाइजोत इलाके में ट्रैक्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर के परिजनों ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी महकमा परिषद की सहायक सभाधिपति रोमा रेशमी एक्का के नेतृत्व में थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी को उल्लाजोत निवासी जयंत बर्मन ने ट्रैक्टर में ट्रॉली लगाने के लिए माधाइजोत के दिहाड़ी मजदूर रंजीत गणेश को बुलाया था। ट्रॉली जोड़ते समय अचानक ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें खोरीबाड़ी ग्रामीण अस्पताल और बाद में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में पिछले 17 दिनों से उनका इलाज चल रहा है।
परिवार का आरोप है कि ट्रैक्टर मालिक जयंत बर्मन ने शुरू में इलाज का पूरा खर्च उठाने का वादा किया था, लेकिन पांच दिन बाद से पैसे देना बंद कर दिया। मजबूरी में घायल मजदूर की पत्नी प्रमिला गणेश को इलाज का खर्च चुकाने के लिए अपनी जमीन-घर बेचनी पड़ी, फिर भी अस्पताल का भारी बिल बाकी है।
परिजनों का यह भी आरोप है कि जिस ट्रैक्टर और ट्रॉली से हादसा हुआ, उसके कोई वैध कागजात नहीं हैं। दो मार्च को थाने में लिखित शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं और ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से मिलकर जल्द कानूनी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी मनतोष सरकार ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
