बाराबंकी 08 फ़रवरी (हि.स.)। बाराबंकी जनपद के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला है। यह घटना रविवार की सुबह आछेपुर मजरे झरसवां गांव के बाहर टड़वा-गदमानपुर मार्ग पर हुई। ग्रामीणों ने पीपल के पेड़ के नीचे कपड़े में लिपटे इस शिशु के रोने की आवाज सुनी, जिसके बाद इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल शिशु को रेस्क्यू कर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

ग्रामीण जब अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले, तो उन्हें सड़क किनारे पीपल के पेड़ के पास से एक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर पता चला कि एक नवजात शिशु वहां लावारिस पड़ा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत बड्डूपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। कड़कड़ाती ठंड और खुले आसमान के नीचे होने के कारण नवजात की हालत नाजुक थी।

कोतवाल मनोज सोनकर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिशु को अपने संरक्षण में लिया। प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के बाद नवजात को तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने शिशु का स्वास्थ्य परीक्षण किया। फिलहाल, नवजात की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उसे बेहतर देखभाल के लिए ‘चाइल्ड लाइन’ को सौंप दिया गया है।
इस घटना के बाद पुलिस अब नवजात के माता-पिता की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास के गांवों और प्रसूति केंद्रों के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि हाल ही में हुए जन्मों का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
