मुंबई, 15 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शील-डाइघर इलाके में पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए एक युवक की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार किया है।

इस घटना की आगे की छानबीन शील-डाइघर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस घटना में मृतक युवक की पहचान प्रकाश बिस्सा और आरोपित की पहचान रामराव जाधव के रुप में की गई है। प्रकाश बिस्सा नवी मुंबई के महापे में वेटर का काम करता था। प्रकाश बिस्सा 8 मार्च से 10 मार्च की सुबह तक होटल में नहीं गया था। इसके बाद होटल मालिक ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरु की।
इसके बाद प्रकाश का शव डाइघर इलाके के पिंपरी गांव में स्थित धान के खेत में क्षत विक्षत हालत में मिला। सिर पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस ने प्रकाश के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर सीसीटीवी के फुटेज चेक करने के बाद बीती रात पुलिस ने आरोपित रामराव जाधव को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक छानबीन में रामराव ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि वेटर प्रकाश बिस्सा का उसकी पत्नी के साथ अफेयर चल रहा है। इसी गुस्से में उसने प्रकाश को शराब पीने के बहाने बुलाया और धान के खेत में ले गया। वहीं, हथौड़े से प्रकाश के सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी। इस घटना की आगे की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
