शिमला, 12 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग उपमंडल में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात थाना ठियोग में तैनात हेड कॉन्स्टेबल विनोद को विश्वसनीय सूचना मिली कि राजन टायर के पास सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट डिज़ायर कार (नंबर HP01A-7995) में कुलदीप वर्मा नाम का व्यक्ति बैठा है, जो चिट्टा खरीदने और बेचने का काम कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार एनडीपीएस एक्ट की धारा 42(2) के तहत उच्च अधिकारियों को जानकारी भेजी और तुरंत मौके पर कार्रवाई की।
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुलदीप वर्मा पुत्र नारायण सिंह, निवासी गांव नलेहा, डाकघर व तहसील ठियोग, जिला शिमला के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी नशे का यह पदार्थ कहां से लाया था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
