हरिद्वार, 07 फ़रवरी (हि.स.)। अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक हादसे में डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे हादसे में ट्रक की टक्कर से एक मिल कर्मचारी की जान चली गई।

पहला हादसा थाना पथरी क्षेत्र के पदार्था गांव में बीती रात हुआ। फेरूपुर गांव निवासी महिला, जो पतंजलि में कार्यरत थी, ड्यूटी समाप्त होने के बाद अपने पति विनोद के साथ घर लौट रही थी। पदार्था गांव से बाहर निकलते समय खनन सामग्री से भरे एक डंपर को ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा कर मोटरसाइकिल गिर गई और पीछे बैठी महिला डंपर के अगले पहिए के नीचे आ गई, महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति विनोद घायल हो गया।

पथरी थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
दूसरा हादसा लक्सर के पुरकाजी रोड पर गनौली गांव के पास देर रात हुआ। शुगर मिल में ट्यूब प्लांट ऑपरेटर के पद पर कार्यरत अशोक कुमार निवासी पुरकाजी, ड्यूटी पूरी कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक लोकपाल परमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना की जांच की जा रही है, परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
