हुगली, 13 अप्रैल (हि. स.)। आगामी चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए चुनाव आयोग ने इस बार “डबल लेयर आइडेंटिफिकेशन” की नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत मतदान केंद्र में प्रवेश से पहले ही बूथ के बाहर बीएलओ द्वारा मतदाताओं की पहचान की जांच की जाएगी। सत्यापन के बाद ही मतदाताओं को बूथ के अंदर जाने की अनुमति मिलेगी।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए हर बूथ के अंदर और बाहर वेबकास्टिंग कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त केंद्रीय बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।
इन तैयारियों को लेकर सोमवार को हुगली जिलाधिकारी कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी खुरशिद अली कादरी, चंदननगर पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार यादव, हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सन्नी राज, तथा केंद्रीय बल के अधिकारी नकुल वर्मा और वी. विधुन उपस्थित रहे।
बैठक के बाद अधिकारियों ने बताया कि चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभिन्न सड़कों पर नाका चेकिंग की जा रही है, ताकि अवैध हथियार और नकदी के लेनदेन पर रोक लगाई जा सके। चुनाव के दिन किसी भी प्रकार की हिंसा या फर्जी मतदान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतदाताओं को अपना मोबाइल बाहर जमा करके ही अंदर प्रवेश करना होगा। बूथ के बाहर मतदाता पहचान टीम तैनात रहेगी, जो डबल लेयर आइडेंटिफिकेशन प्रक्रिया के तहत जांच करेगी। इसके अलावा स्टैटिक सर्विलांस टीम भी सक्रिय रहेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक करीब 16 करोड़ 37 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। वहीं, हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिंगुर और चंडीतला क्षेत्रों में पिछले एक महीने में लगभग आठ करोड़ रुपये की अवैध शराब पकड़ी गई है। ग्रामीण इलाकों में 41 नाका चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं।
चंदननगर पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी कि केंद्रीय बलों के साथ अब तक एक हजार 598 रूट मार्च किए जा चुके हैं। इसके अलावा एसएसटी और एफएसटी टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं। चंदननगर क्षेत्र में लगभग 30 लाख रुपये का गांजा जब्त किया गया है, जबकि चुचुड़ा फेरीघाट से 96 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अब तक 46 कंपनियां केंद्रीय बल की पहुंच चुकी हैं और मतदान के दिन करीब 200 कंपनियों की तैनाती की जाएगी, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि हुगली जिले में कुल पांच हजार 387 मतदान केंद्र हैं और मतदाताओं की संख्या लगभग 43 लाख से अधिक है। हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मॉडल बूथ बनाया जाएगा, साथ ही कई महिला संचालित बूथ भी होंगे।
विशेष व्यवस्था के तहत 85 वर्ष से अधिक आयु के करीब 30 हजार वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं ने घर से मतदान के लिए आवेदन किया है। उनके लिए 18 अप्रैल से घर-घर जाकर मतदान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
