धर्मशाला, 16 मार्च (हि.स.)।

नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने डमटाल पुलिस थाना के तहत एक्साइज बैरियर के पास दो लोगों से 114.2 ग्राम चरस बरामद की है। मामले में दोनों आरपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस टीमें गश्त व नशा विरोधी अभियान के दौरान क्षेत्र कंडवाल, भदरोया, डमटाल व छन्नी आदि में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति एनएच-44 के पास एक्साइज बैरियर भदरोया के समीप सड़क किनारे दो लोग बैठे हुए हैं तथा उनके पास एक कैरी बैग में भारी मात्रा में चरस मौजूद है और वे इसे बेचने की फिराक में हैं।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी जहां पर दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए पाए गए। पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान बलदेव पुत्र नन्द लाल निवासी गांव मकण, डाकघर सनवाल, तहसील चुराह जिला चम्बा (उम्र 44 वर्ष) तथा जीत पुत्र लोभी निवासी गांव मकण, डाकघर सनवाल, तहसील चुराह जिला चम्बा (उम्र 40 वर्ष) के रूप में बताई। पुलिस ने जब उनके कैरी बैग की तलाशी ली तो बैग के भीतर पोलिथीन में छिपाकर रखी 114.2 ग्राम चरस बरामद हुई।
इस संबंध में पुलिस थाना डमटाल में आरोपीयों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा आगे की जांच जारी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस जिला नूरपुर आम जनता से अपील की है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
