भागलपुर, 02 फ़रवरी (हि.स.)। डायन के आरोप में मारपीट की घटना में घायल भागो देवी, उसकी पुत्री आरती कुमारी, दूसरी पुत्री पूजा कुमारी, उसके पति और बेटे को इलाज के लिए सोमवार को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें कई घायल की हालत नाज़ुक बनी हुई है।

मामला चौसा थाना क्षेत्र का है। मारपीट का आरोप किरो देवी, केली देवी, फूली देवी, बीरन देवी और भूलचरण मंडल पर लगा है। सभी के सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मामले को लेकर घायल भागो देवी ने बताया कि पड़ोस के रहने वाले भूलचरण मंडल उसे डायन कहकर प्रताड़ित करता है। बात-बात पर तलवार और धारदार हथियार लेकर मारने पर उतारू हो जाता है। कई बार उस पर हमला भी कर चुका है।
आरोपी कहते हैं कि तुमने मेरी बकरी को खा लिया, बेटे को मार दिया, तुम्हें जान से मार देंगे। इधर, घटना के बाद से परिजन में दहशत का माहौल बना हुआ है। सभी पांचों घायलों का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता ने आगे बताया कि वे लोग पुलिस से लिखित शिकायत करने गए थे, लेकिन पुलिस ने पहले इलाज कराने की सलाह दी है। इलाज के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
