


खड़गपुर, 07 फरवरी (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में परिचालन दक्षता बढ़ाने और आपदा प्रबंधन को और सशक्त करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय ने शनिवार को खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर क्विक वाटरिंग सिस्टम तथा नए स्पार्मे (सेल्फ प्रोपेल्ड एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल इक्विपमेंट) का विधिवत उद्घाटन किया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि क्विक वाटरिंग सिस्टम के शुरू होने से कोचिंग रेक में पानी भरने की प्रक्रिया अब पहले की तुलना में अधिक तेज, सुचारु और प्रभावी हो सकेगी। इससे ट्रेनों के ठहराव समय में कमी आएगी, एक ओर जहां टाइम घटेगा और समयपालन में सुधार होगा। परिणामस्वरूप यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवा मिल सकेगी।
इस अवसर पर डीआरएम ने नए स्पार्मे यूनिट का भी शुभारंभ किया। अत्याधुनिक चिकित्सा एवं राहत उपकरणों से सुसज्जित यह स्पार्मे रेल दुर्घटनाओं अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे खड़गपुर मंडल की आपदा प्रबंधन क्षमता और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और मजबूती मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीआरएम पांडेय ने संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खड़गपुर मंडल यात्रियों की सुविधाओं, परिचालन दक्षता तथा सुरक्षा मानकों में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसी आधुनिक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
