
सारण, 10 फ़रवरी (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से सदर प्रखंड स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों, तकनीकी प्रक्रियाओं और अभिलेखों के संधारण की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के खुलने और बंद होने के समय दर्ज किए जाने वाले लॉग बुक, तथा ‘इन और आउट’ रजिस्टर की बारीकी से जांच की। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया।

उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि चौबीसों घंटे निगरानी व्यवस्था सक्रिय रहनी चाहिए, परिसर की प्रत्येक गतिविधि का नियमित अभिलेख संधारित हो, सुरक्षा में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने भवन प्रमंडल को वेयरहाउस की चहारदीवारी की फेंसिंग और ऊंची करने का प्रस्ताव तैयार करने का भी विमर्श दिया। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, यह निरीक्षण विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, वेयरहाउस प्रभारी अरशद इमाम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ईवीएम की सुरक्षा और रखरखाव प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें सभी मानक प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन किया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
