सुपौल, 18 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, पिपरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के वर्ग कक्ष, पुस्तकालय, छात्रावास, मेस संचालन तथा आवासित छात्राओं के कमरों का जायजा लिया।

इस दौरान विद्यालय में वार्षिक परीक्षा संचालित हो रही थी। मेस निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को छात्राओं के कमरों और किचन की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया। साथ ही भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच स्वयं चखकर करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। छात्राओं ने पठन-पाठन एवं भोजन व्यवस्था को संतोषजनक बताया।
विद्यालय में आयोजित मेडिकल कैंप का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया, जहां डॉक्टरों द्वारा छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की जा रही थी। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि महीने में कम से कम दो बार सभी छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा शिक्षकों को पढ़ाई को और प्रभावी बनाने तथा साप्ताहिक वर्गवार परीक्षा लेने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को विद्यालय की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा समस्याओं से समय-समय पर अवगत कराने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
