उत्तरकाशी, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद में दो माह से संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन चला गांव की ओर’ अभियान का शनिवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य एवं क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने अति सूदूरवर्ती सर बड़ियार क्षेत्र के डिंगाडी गांव में जनसमस्या शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

शिविर में कुल 16 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी भी दी गई। भूपेंद्र निवासी डिंगाडी ने एपीएल से बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग रखी, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने ग्राम सभा की खुली बैठक के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर कार्ड जारी करने की बात कही। डीएम ने आठ गांवों के लिए आधार कार्ड बनाने हेतु संयुक्त शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

सुरेश निवासी सर गांव ने सर से सरुताल ट्रैकिंग एवं कैंपिंग की अनुमति की मांग की, जिस पर प्रभागीय वनाधिकारी ने अनुमति देने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्थापित दो मोबाइल टावरों के सुचारु संचालन की मांग उठाई। इस पर डीएम ने दूरसंचार विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर आपदा से क्षतिग्रस्त मुराड़ी पुल के एबेटमेंट एवं संपर्क मार्ग निर्माण के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही 8 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की और लोक निर्माण विभाग को शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
किमडार-कंसलों मार्ग एवं गांव के नीचे हुए भूस्खलन को लेकर विस्थापन अथवा सुरक्षात्मक कार्य की मांग पर डीएम ने भू-वैज्ञानिक एवं सिंचाई विभाग को 26 व 27 फरवरी को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
शिविर में प्रभागीय वनाधिकारी रविन्द्र पुंडीर, सीएमओ बीएस रावत, एसीएमओ रमेशचंद्र आर्य, मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. रजनीश सिंह, जिला विकास अधिकारी रमेशचंद्र आर्य, ईई पीडब्ल्यूडी तनुज काम्बोज, ईई पीएमजीएसवाई योगेंद्र कुमार, तहसीलदार कमलेश, अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल
