भागलपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह ने बुधवार को अधिकारियों की टीम के साथ सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई गंभीर खामियां सामने आई है। जिस पर डीडीसी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत डीडीसी ने इमरजेंसी वार्ड से की, जहां डॉक्टरों की संख्या कम होने के कारण मरीजों की भारी भीड़ देखी गई। इस दौरान कुछ डॉक्टर ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर डीडीसी ने स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद दवा स्टोर का निरीक्षण किया गया, जहां दवा वितरण में अनियमितता पाई गई। जांच में सामने आया कि कुछ मरीजों को कम और कुछ को जरूरत से ज्यादा दवाइयां दी गईं।

डीडीसी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी स्टाफ पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वैक्सीनेशन स्टॉल पर भी लापरवाही उजागर हुई। यहां पहले से मौजूद बच्चों को छोड़कर बाद में आए बच्चों को पहले वैक्सीन दिए जाने का मामला सामने आया है। इस गड़बड़ी की भी जांच के आदेश दिए गए हैं। निरीक्षण के बाद डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सदर अस्पताल में नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
