रांची, 28 जनवरी (हि.स.)। रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित हटिया डैम में बुधवार को एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को सबसे पहले स्थानीय ग्रामीणों ने डैम के पानी में देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। घटनास्थल से एक बैग भी बरामद किया गया, जिसमें युवती का आधार कार्ड मिला है। आधार कार्ड के अनुसार युवती की पहचान रिया कुमारी के रूप में हुई है। वह हटिया की रहने वाली थी। उसके पिता का नाम रविन्द्र प्रसाद है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।————–
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
