कोलकाता, 17 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संदेश में ममता बनर्जी ने लिखा, “हमारे पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।” उन्होंने कहा कि शिक्षा, दर्शन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन न केवल एक महान शिक्षक और दार्शनिक थे, बल्कि उन्होंने भारत के राष्ट्रपति के रूप में भी देश की सेवा की। उनकी शिक्षाएं और विचार आज भी समाज को दिशा दिखाते हैं।
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के दूसरे राष्ट्रपति थे और एक प्रख्यात दार्शनिक के रूप में विश्वभर में सम्मानित थे।
उनके जन्मदिन, पांच सितंबर को भारत में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो शिक्षा के प्रति उनके अमूल्य योगदान का प्रतीक है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
