डोडा, 10 फरवरी (हि.स.)। डोडा पुलिस ने मंगलवार को राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

अधिकारियों ने बताया कि वीडियो में डोडा के नगरी इलाके के निवासी फारूक अहमद नाम के एक व्यक्ति को अपने घर की खिड़कियों के शीशे साफ करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का इस्तेमाल करते हुए देखा गया है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया में यह कृत्य राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 के प्रावधानों के अंतर्गत आता है।

डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डोडा पुलिस स्टेशन में एफआईआर संख्या 30/2026 दर्ज की गई और आरोपित को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और कानून के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता
