कोडरमा, 01 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के डोमचांच नगर पंचायत में नगर निकाय चुनाव को प्रभावित करने और बहिष्कार करने के आरोप में जिला प्रशासन ने डोमचांच थाना में तीन नामजद और लगभग 100 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

नामजद आरोपितों में डोमचांच के शैलेन्द्र कुमार सिंह (45), देवेंद्र कुमार मेहता (65) और प्रेमांशु कुमार (36) शामिल हैं। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि ये लोग ग्रामीणों और संभावित प्रत्याशियों को भड़का कर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डाल रहे थे।
इधर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हुए तीन दिन के बाद भी डोमचांच नगर पंचायत में एक भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र नहीं खरीदा। स्थानीय लोगों के दबाव और महिलाओं के विरोध के कारण संभावित उम्मीदवार भी सामने आने से कतरा रहे हैं। डोमचांच के लोग बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स और अन्य कर के विरोध में नगर पंचायत को भंग करने और चुनाव नहीं कराने की मांग कर रहे हैं और इसको लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने दो दिन पहले जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर चुनाव संपन्न कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी की अपील की थी।
शनिवार और रविवार को प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च भी निकाला गया, पर अबतक कोई नतीजा सामने नहीं आया है। अब प्राथमिकी दर्ज होने के बाद फिर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ सकता है। जानकार बताते हैं कि कई महीनों से ग्रामीण नगर पंचायत को भंग कर ग्राम पंचायत बनाने की मांग पर अड़े हैं तो वहीं जिला प्रशासन भी सख्त रुख अपनाए हुए है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर
