इटानगर, 4 दिसंबर(हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर के पुलिस ने चिम्पू में आगामी पंचायत व नगरपालिका चुनाव के मद्देनजर जांच के दौरान प्रतिबंधित ड्रग्स ले जाने के आरोप में एक हेड कांस्टेबल तृतीय आईआरबीएन को गिरफ्तार किया।

इटानगर कैपिटल पुलिस ने गुरुवार काे जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि चिम्पू चेक पोस्ट पर नाका-जांच अभियान के दौरान, बितो कल सामको पुलिस टीम ने एक स्कूटी सवार व्यक्ति को रोका और तलाशी ली। इस दौरान स्कूटी से लगभग 7.1 ग्राम वजन का प्रतिबंधित पदार्थ (हेरोइन) बरामद किया।

व्यक्ति की पहचान जालम वांगपन (44) निवासी पुमाओ, लोंगडिंग जिला के रूप में हुई। वह तृतीय आईआरबीएन में हेड कांस्टेबल के रूप में कार्यरत हैं। इसके बाद आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ चिम्पू पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।——————
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
