जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग (सीजन-1) नॉर्थ जोन के लिए राजस्थान के खिलाड़ियों के लिए 15 अप्रैल 2026 से चयन शुरू होगा।

ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग के चेयरमैन सोमनाथ गाबा, आयोजक रवि कुमार गाबा एवं हरिपुर यमुना नगर के विनय कंबोज ने बताया कि इस लीग का आयोजन 16 जून से 21 जून के बीच समाना बाहु (कुरुक्षेत्र) में किया जाएगा। जिसमें राजस्थान सहित हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे। आयोजकों का उद्देश्य इस लीग को नॉर्थ ज़ोन की एक प्रमुख टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता के रूप में स्थापित करना है। लीग के पोस्टर और जर्सी का अनावरण करने के बाद आकाश चोपड़ा ने खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए तथा लीग के शुभारंभ की घोषणा की। उनकी उपस्थिति से इस कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया और युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली।
आयोजकों का कहना है कि इस लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अच्छा मंच मिलेगा तथा खेल के प्रति युवाओं में उत्साह को भी बढ़ावा मिलेगा। ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग के माध्यम से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
चीफ गेस्ट आकाश चोपड़ा ने कहा कि किसी खिलाड़ी मे अगर हुनर है तो उसे एक मंच मिलेगा। आजकल टेनिस क्रिकेट को लेकर जैसा क्रेज और पैशन लोगों में पाया जा रहा है वो किसी से छुपा नहीं है। ऐसे मे ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग का आयोजन बहुत से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सपना पूरा करने वाला है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
