कानपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। जनपद की कमिश्नरेट बिठूर पुलिस ने ड्रोन से रेकी कर सूने मकानों को निशाना बनाने वाले तीन शातिर सगे भाइयों को गिरफ्तार कर बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपित भाइयों ने बीते चार महीनों में करीब 40 चोरी की वारदातों को अंजाम देकर लगभग 70 लाख रुपये की सम्पत्ति अर्जित की, जिससे उन्होंने लग्जरी कार खरीदी और मकान का निर्माण कराया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पकड़े गए आरोपी ड्रोन कैमरे की मदद से इलाके की रेकी करते थे और शादी या अन्य कार्यक्रमों के दौरान खाली पड़े घरों को चिन्हित कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
उन्होंने बताया कि मंधना के ग्राम बगदौदी निवासी चंद्रशेखर, जो फतेहगढ़ स्थित पुलिस विभाग के वेतन भुगतान कार्यालय में बाबू के पद पर तैनात हैं। बीते चार नवम्बर को उनकी बेटी की शादी थी और पूरा परिवार पास के गेस्ट हाउस में गया हुआ था। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घर से 7.75 लाख रुपये के जेवरात और छह लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे।
इसके अलावा 21 जनवरी को कन्नौज के छिबरामऊ निवासी प्रवीण कुमार और कानपुर के होरा बांगर गांव निवासी रविंद्र कुमार के घरों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मैनपुरी निवासी मुकेश राजपूत, आकाश उर्फ ढिल्ला राजपूत और मनोज कुमार उर्फ सूरज राजपूत को बिठूर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया है।
बरामद सामान में स्मार्ट वॉच, साधारण घड़ी, पीली धातु के कान के झुमके व नाक की कील, भारत गैस का एलपीजी सिलेंडर, दो की-पैड मोबाइल फोन, एलजी कंपनी का एलईडी टीवी, टूटा टैबलेट, करीब 18,500 रुपये नकद, सफेद धातु का 50 ग्राम का सिक्का, अंगूठी, लॉकेट, हाथ के कड़े, बिछिया, पायल की लड़ियां, बच्चों के कड़े, कमरबंद, पीली धातु का सिक्का व लॉकेट तथा 176 नेपाली सिक्के शामिल हैं।
वहीं चोरी में प्रयुक्त औजारों में गैस कटर सिलेंडर, कटिंग प्लायर, आरी, दो संबल और छैनी बरामद की गई है। इसके साथ ही एक ड्रोन कैमरा और घटना में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने जब्त की है।
डीसीपी ने बताया कि वर्तमान में तीनों आरोपित कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र में रह रहे थे। गिरोह का सरगना आकाश राजपूत है, जिसने हाल ही में शिवली के बागपुर में करीब 25 लाख रुपये की लागत से मकान बनवाया है। इसके अलावा उसने 200 और 75 वर्ग गज के दो प्लॉट भी खरीदे हैं। इन सभी संपत्तियों की अनुमानित कीमत लगभग 70 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित शातिर किस्म के चोर हैं और इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। मुकेश राजपूत के खिलाफ पांच, आकाश राजपूत के खिलाफ 11 और मनोज कुमार के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
