भुवनेश्वर, 22 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा पुलिस ने राज्य के तटीय जिलों में अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पूर्वी रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) पिनाक मिश्रा ने शनिवार को इस संबंध में जानकारी दी।

डीआईजी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिन व्यक्तियों के पास वैध पहचान पत्र या भारत में कानूनी निवास दस्तावेज नहीं हैं उन्हें अवैध प्रवासी माना जा रहा है। यह अभियान सभी जिलों में शुरू कर दिया गया है और आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। तकनीकी रूप से जटिल होने के कारण इसे अत्यंत सावधानी के साथ लागू किया जा रहा है ताकि प्रक्रिया सुचारू और विधिसम्मत रहे। पूर्वी रेंज में भद्रक और बालेश्वर जिलों में पांच से अधिक मरीन पुलिस थाने कार्यरत हैं, जिनमें से दो इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हैं। इन थानों के कर्मियों के साथ स्थानीय समुदाय और मछुआरे भी निगरानी और सत्यापन कार्य में सहयोग दे रहे हैं।

क्षेत्र में मरीन पुलिस को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। तटवर्ती इलाकों में ड्रोन की मदद से निगरानी तेज कर दी गई है तथा सुरक्षा जांच भी सख्त की गई है। भद्रक जिले के बसुदेवपुर ब्लॉक में काशिया मरीन पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है।
डीआईजी पिनाक मिश्रा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी निवासियों का उचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करना और तटीय क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह अभियान पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
