नागौर, 12 मार्च (हि.स.)। आमतौर पर फरार अपराधियों को पकड़वाने के लिए पुलिस हजारों या लाखों रुपये का इनाम घोषित करती है, लेकिन नागौर पुलिस ने एक तस्कर पर महज 25 पैसे का इनाम घोषित कर सबको चौंका दिया है। यह अनोखा फैसला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

नागौर एसपी कार्यालय की ओर से 11 मार्च को जारी आदेश में जायल उपखंड निवासी अर्जुनराम विश्नोई को पकड़वाने वाले को 25 पैसे का नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।
अर्जुनराम पिछले करीब पांच महीने से फरार चल रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपित अर्जुनराम विश्नोई डोडा-पोस्त, गांजा और एमडी जैसे मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ है। 10 अक्टूबर 2025 को कुचेरा थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि आरोपित एनडीपीएस एक्ट के तीन मामलों में फरार है और पहले भी उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
उन्होंने बताया कि 25 पैसे का इनाम घोषित करना एक प्रतीकात्मक कदम है। एसपी के अनुसार कुछ अपराधी अवैध तरीके से पैसा कमाकर समाज में अपनी झूठी छवि बनाते हैं और खुद को समाजसेवी बताने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों की सामाजिक हवाबाजी खत्म करने और हौसले पस्त करने के लिए यह इनाम रखा गया है।
पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि आरोपित के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अर्जुनराम विश्नोई के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े तीन प्रमुख मामले दर्ज हैं। इनमें जायल थाना (22 फरवरी 2026), कुचेरा थाना (10 अक्टूबर 2025) और जायल थाना (4 फरवरी 2026) में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज है।
इन मामलों की जांच अलग-अलग थानों के अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
आमतौर पर फरार अपराधियों पर बड़ी रकम का इनाम रखा जाता है, लेकिन सिर्फ 25 पैसे का इनाम घोषित करना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस का कहना है कि यह कदम अपराधियों की दिखावटी छवि को तोड़ने और समाज को एक संदेश देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
