
पूर्वी सिंहभूम, 09 अप्रैल (हि.स.)।

बिष्टुपुर स्थित धतकीडीह तालाब में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती देखीं। देखते ही देखते तालाब के चारों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि मरने वाली मछलियों का वजन लगभग 5 से 8 किलो के बीच है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार रात तक तालाब की स्थिति सामान्य थी, लेकिन गुरुवार सुबह अचानक इतनी बड़ी संख्या में मछलियों का मरना कई सवाल खड़े कर रहा है।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि तालाब से बदबू भी आ रही थी, जिससे स्थिति और गंभीर लग रही थी। हालांकि, मछलियों की मौत के वास्तविक कारणों का अब तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।
धतकीडीह तालाब का संचालन करने वाले जमशेदपुर एंगलिंग क्लब की ओर से भी इस मामले में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। क्लब के पदाधिकारी और वहां मौजूद कर्मचारी इस घटना पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए। वहीं, सफाई कर्मियों ने भी अनभिज्ञता जताई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तालाब की साफ-सफाई और पानी की गुणवत्ता की जांच की जाती, तो शायद इस तरह की घटना को टाला जा सकता था। लोगों ने प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, मरी हुई मछलियों को जुस्को की ओर से हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि तालाब में और अधिक प्रदूषण न फैले।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
